हल्द्वानी (नैनीताल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड” विजन को अमलीजामा पहनाने के लिए कुमायूँ पुलिस का अभियान तेज हो गया है। इसी क्रम में कुमायूँ परिक्षेत्र पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बनभूलपुरा क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर से भारी मात्रा में अवैध नशीली दवाएं बरामद की हैं।

पुलिस महानिरीक्षक कुमायूँ रिद्धिम अग्रवाल के निर्देशन में स्पेशल ऑपरेशन टास्क फोर्स (SOTF) और औषधि नियंत्रक विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार देर रात कोतवाली बनभूलपुरा क्षेत्र में छापा मारा। इस दौरान हल्द्वानी स्थित श्री श्याम मेडिकल स्टोर के संचालक हिमांशु वार्ष्णेय के कब्जे से नशीली दवाओं का जखीरा बरामद हुआ।
बरामद दवाओं में 20 बुप्रेनोर्फिन इंजेक्शन, 113 ट्रामाडोल कैप्सूल और 360 अल्प्राजोलम टैबलेट शामिल हैं, जिन्हें अवैध रूप से रखा गया था।
ड्रग इंस्पेक्टर ने ड्रग एक्ट के नियम 65 के उल्लंघन में कड़ी कार्रवाई करते हुए मेडिकल स्टोर को सीज कर दिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन की सराहना की है। कुमायूँ पुलिस ने साफ किया है कि नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
