55.52 करोड़ के साइंस सेंटर के निर्माण में लाएं तेजी, गुणवत्ता से समझौता नहीं: डीएम

DTN चम्पावत। जनपद मुख्यालय में करीब 55.52 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन अत्याधुनिक साइंस सेंटर को समय पर तैयार करने के लिए प्रशासन ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। आज जिलाधिकारी मनीष कुमार ने निर्माणाधीन साइंस सेंटर का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और संसाधनों की उपलब्धता का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन परिसर के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण कर मौके पर चल रहे कार्यों की स्थिति देखी। उन्होंने फन साइंस गैलरी, विज्ञान एवं कृषि गैलरी, एस्ट्रोनॉमी गैलरी, प्रदर्शनी कक्ष, प्रशिक्षण हॉल, दो मंजिला साइंस गैलरी ब्लॉक और चार मंजिला साइंस कैंपस का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्रत्येक निर्माण कार्य की प्रगति और उसके पूरा होने की समय-सीमा की जानकारी ली।

डीएम ने कहा कि परियोजना को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए निर्माण कार्य में अपेक्षित तेजी लाई जाए। इसके लिए पर्याप्त संख्या में श्रमिकों की तैनाती सुनिश्चित करने के साथ ही निर्माण सामग्री और अन्य जरूरी संसाधनों की उपलब्धता बनाए रखी जाए। उन्होंने कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न हो।

उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी और सुरक्षा मानकों के अनुरूप किए जाएं। परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार कर नियमित समीक्षा भी सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि अत्याधुनिक साइंस सेंटर जनपद के विद्यार्थियों और विज्ञान में रुचि रखने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा। ऐसे में परियोजना के निर्माण में गुणवत्ता, सुरक्षा और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।