जनसुनवाई में 36 शिकायतें पहुंचीं, 15 दिन में जांच रिपोर्ट देने के निर्देश

DTN पिथौरागढ़। साप्ताहिक जनसुनवाई में प्राप्त जिन शिकायतों में जांच के निर्देश दिए जाएं, उनकी जांच रिपोर्ट 15 दिन के भीतर प्रस्तुत करनी होगी। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों को यह निर्देश दिए।

जनसुनवाई में सड़क, आर्थिक सहायता, पेयजल समेत विभिन्न विभागों से संबंधित 36 शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने लोगों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

भमका जलाशय टैंक में लीकेज की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जांच कमेटी गठित कर प्रकरण की जांच के निर्देश दिए। उन्होंने जांच रिपोर्ट निर्धारित अवधि में प्रस्तुत करने को कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। पात्र लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ प्राथमिकता से दिया जाए। शिकायत के निस्तारण के बाद संबंधित शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी भी अनिवार्य रूप से दी जाए।

जनसुनवाई के बाद जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का समुचित परीक्षण करने के साथ शिकायतकर्ताओं से दूरभाष पर वार्ता करने के निर्देश दिए, ताकि समस्या की वास्तविक स्थिति समझकर उसका प्रभावी समाधान किया जा सके।