DTN पिथौरागढ़। जिले में बीते दिनों हुई बारिश के बाद आज सुबह तक 11 सड़क मार्ग बंद हैं। इनमें सात ग्रामीण मार्ग और चार अन्य मार्ग शामिल हैं। प्रशासन के अनुसार बंद सड़कों को खोलने के लिए कार्य चल रहा है। मौसम फिलहाल धूप वाला बना हुआ है, जिससे लोगों को राहत मिली है।

आज सुबह आठ बजे तक जिले में सबसे अधिक 12.4 मिलीमीटर बारिश मुनस्यारी में दर्ज की गई। गणाई गंगोली में 10, पिथौरागढ़ में 7.5, देवलथल में सात, तेजम में छह, बंगापानी में पांच, डीडीहाट में 4.8, बेरीनाग में 4.2, गंगोलीहाट में 3.5, थल में तीन, कनालीछीना में दो और धारचूला में 1.6 मिलीमीटर बारिश हुई।
बारिश के चलते तवाघाट-गुंजी मोटर मार्ग किमी 86 पर, गुंजी-कुटी-जौलिंगकांग मोटर मार्ग किमी 117 पर, मिलम-मुनस्यारी मोटर मार्ग ररगारी के पास और सोबला-दर-तिदांग मोटर मार्ग दर के पास बंद है। वहीं ड्योरा बारमू मोटर , सोबला-उमचिया मोटर मार्ग, एलागाड़-जुम्मा मोटर मार्ग, घापाबैण्ड बुई पातों मोटर मार्ग,देविसौना गराली कूटा मोटर मार्ग, कंज्योति-नारायण आश्रम मोटर मार्ग और सल्ला रौतगड़ा मोटर मार्ग भी बंद हैं। इन मार्गों को खोलने के लिए संबंधित विभागों की ओर से कार्य किया जा रहा है।
नदियों का जलस्तर चेतावनी स्तर से नीचे
धारचूला में काली नदी का जलस्तर सुबह 7:30 बजे 888.40 मीटर दर्ज किया गया, जबकि चेतावनी स्तर 889 मीटर और खतरे का स्तर 890 मीटर है। नदी का जलस्तर घट रहा है। जौलजीबी में गोरी नदी 604.20 मीटर और मदकोट में गोरी नदी 1212.30 मीटर पर बह रही है। दोनों स्थानों पर भी जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई।
पिथौरागढ़ क्षेत्र के चमगाड़ में सरयू नदी का जलस्तर सुबह आठ बजे 448 मीटर दर्ज किया गया। यहां चेतावनी स्तर 452 मीटर और खतरे का स्तर 453 मीटर है। सरयू नदी का जलस्तर भी घट रहा है। इससे फिलहाल नदियों के जलस्तर को लेकर राहत की स्थिति बनी हुई है।
