पिथौरागढ़: एलएसएम परिसर छात्रसंघ चुनाव में लवराज वर्मा ने मारी बाजी, एबीवीपी को 161 मतों से हराया

DTN पिथौरागढ़। लक्ष्मण सिंह महर (एलएसएम) परिसर छात्रसंघ चुनाव के नतीजे घोषित हो चुके हैं, जिसमें अध्यक्ष पद पर लवराज वर्मा ने शानदार जीत दर्ज करते हुए एबीवीपी प्रत्याशी बृजू चौधरी को 161 मतों के अंतर से हरा दिया है। इस रोमांचक मुकाबले में लवराज वर्मा को कुल 1165 मत मिले, जबकि बृजू चौधरी को 1004 मतों से संतोष करना पड़ा। परिसर की छात्र राजनीति के लिहाज से अध्यक्ष पद के इस परिणाम को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अध्यक्ष पद के अलावा अन्य पदों पर भी प्रत्याशियों ने अपनी स्थिति मजबूत की है। उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कार्तिक पाटनी ने 1194 मत हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी शुभम उप्रेती को 777 मत मिले। छात्रा उपाध्यक्ष पद में मनीषा मेहता 1009 मत पाकर विजयी रहीं, जिन्होंने कविता पंत (613 मत) और नैना बिष्ट (433 मत) को पीछे छोड़ा। सचिव पद पर प्रवीन बिष्ट पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।
संयुक्त सचिव पद पर गुंजन सामंत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1317 मत प्राप्त किए और अपनी प्रतिद्वंद्वी तमन्ना को हराया, जिन्हें 539 मत मिले। कोषाध्यक्ष पद का मुकाबला भी काफी दिलचस्प रहा, जिसमें नेहा कठायत ने 880 मत पाकर जीत हासिल की। उनके मुकाबले में उतरीं कल्पना डसीला को 805 और संध्या को 298 मत प्राप्त हुए।
अध्यक्ष पद पर लवराज वर्मा की यह जीत और एबीवीपी प्रत्याशी के साथ रहा 161 वोटो का फासला इस चुनाव का सबसे बड़ा आकर्षण रहा। छात्रसंघ के इन सभी पदों पर विभिन्न प्रत्याशियों की जीत के बाद से नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और उनके समर्थकों में भारी उत्साह का माहौल है।