DTN चंपावत। मादली में टाटा मोटर्स शोरूम के सामने दो बाइकों की टक्कर के बाद सड़क पर गिरे युवक को तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया। हादसे में छतार निवासी रेस्टोरेंट संचालक देवा रावत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार देवा रावत बाइक संख्या यूके 03बी 8099 से छतार की ओर जा रहे थे। मादली में टाटा मोटर्स शोरूम के सामने उनकी बाइक की विपरीत दिशा से आ रही बाइक संख्या यूके 03 02933 से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि देवा सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे डंपर ने उन्हें कुचल दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में अरविंद समेत दूसरा बाइक सवार भी घायल हुआ है। अरविंद मेडिकल स्टोर संचालक बताए जा रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए भेजा। शव को 108 सेवा के माध्यम से मोर्चरी पहुंचाया गया, जहां पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि देवा रावत हाल ही में गौरल चौड़ रोड पर “मास्टर शेफ” नाम से होटल चलाता था।
