एसआईआर के बाद पिथौरागढ़ में बढ़े 2141 मतदाता, अंतिम सूची में 3.43 लाख नाम

DTN पिथौरागढ़। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आज जनपद की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया। अंतिम सूची के अनुसार जिले की चारों विधानसभा सीटों में कुल 3,43,638 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 1,75,865 पुरुष, 1,67,771 महिला और दो अन्य मतदाता शामिल हैं। जिले में कुल 651 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।

14 जुलाई को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची में जिले में 3,41,497 मतदाता दर्ज थे। एसआईआर के दौरान फार्म-6 के माध्यम से 4,711 नए नाम जोड़े गए, जबकि फार्म-7 के आधार पर 2,570 नाम हटाए गए। इस तरह अंतिम सूची में 2,141 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि हुई है।

विधानसभा क्षेत्रवार देखें तो धारचूला में 81,464 मतदाता और 170 मतदेय स्थल, डीडीहाट में 76,336 मतदाता और 152 मतदेय स्थल, पिथौरागढ़ में 92,951 मतदाता और 166 मतदेय स्थल तथा गंगोलीहाट (अ.जा.) में 92,887 मतदाता और 163 मतदेय स्थल हैं।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष भटगांई ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान प्राप्त प्रपत्रों के आधार पर पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा अपात्र नामों को हटाने की कार्रवाई की गई। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुक्रवार को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। एसआईआर-2026 से संबंधित सूचनाएं और मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड की वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराई गई हैं।