आदिकैलाश यात्रा में पिथौरागढ़ की 25 टैक्सियों को मिलेगा मौका, धारचूला-पिथौरागढ़ यूनियनों में समझौता

DTN धारचूला/पिथौरागढ़। आदिकैलाश यात्रा मार्ग पर टैक्सी संचालन को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद के बीच पिथौरागढ़ और धारचूला की टैक्सी यूनियनों के बीच सहमति बन गई है। अस्कोट के एक होमस्टे में दोनों पक्षों के पदाधिकारियों के बीच कई दौर की बैठक के बाद पिथौरागढ़ की 25 टैक्सियों के संचालन को लेकर सहमति बनी। तय हुआ कि इन वाहनों को नियमानुसार आदिकैलाश टैक्सी ओनर्स सोसाइटी के बैनर तले संचालन की अनुमति दी जाएगी।

बैठक में निर्णय लिया गया कि पिथौरागढ़ से संचालित होने वाले संबंधित वाहन आदिकैलाश टैक्सी ओनर्स सोसाइटी में पंजीकृत होंगे। इनका संचालन पिथौरागढ़ यूनियन के अध्यक्ष के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा। इससे आदिकैलाश यात्रा में पिथौरागढ़ के टैक्सी संचालकों की भागीदारी का रास्ता साफ हुआ है।

टैक्सी संचालन को लेकर पहले कई बैठकों में विवाद की स्थिति बनती रही थी। इस बार दोनों पक्षों ने प्रशासनिक हस्तक्षेप के बजाय आपसी बातचीत से समाधान निकालने पर सहमति जताई। बैठक में स्थानीय वाहनों को प्राथमिकता देने और पर्यटन से पैदा होने वाले रोजगार का लाभ जिले के लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में धारचूला टैक्सी संगठन के पदाधिकारियों के साथ पिथौरागढ़ यूनियन के अध्यक्ष नवल किशोर समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। दोनों पक्षों के बीच बनी सहमति को लंबे समय से चले आ रहे विवाद के समाधान की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।