टनकपुर अस्पताल में लगेंगी सीटी स्कैन और एमआरआई मशीनें, मंडी परिषद बनाएगी कक्ष

DTN चम्पावत। टनकपुर उपजिला चिकित्सालय में सीटी स्कैन और एमआरआई जांच की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कदम बढ़ाए गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत दोनों आधुनिक जांच मशीनों की स्थापना के लिए आवश्यक कक्षों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए मंडी परिषद को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है।

मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी पत्र के क्रम में प्रस्ताव को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके तहत अस्पताल में उपलब्ध भूमि और भवन का विवरण तैयार करने के साथ ही प्रस्तावित निर्माण कार्य की अनुमानित लागत और विस्तृत आगणन तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। यह विवरण महानिदेशालय को उपलब्ध कराया जाएगा, जहां से प्रस्ताव शासन को वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार और आधुनिकीकरण प्राथमिकता में है। टनकपुर उपजिला चिकित्सालय में सीटी स्कैन और एमआरआई जांच की सुविधा शुरू होने से टनकपुर, बनबसा, पूर्णागिरि क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों के मरीजों को राहत मिलेगी। महत्वपूर्ण जांचों के लिए मरीजों को दूसरे शहरों का रुख कम करना पड़ेगा, जिससे समय और परेशानी दोनों बच सकेंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े इस कार्य को आगे बढ़ाने के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।