23 अक्टूबर से ईवीएम-वीवीपैट की जांच, सुरक्षा के रहेंगे कड़े इंतजाम

DTN अल्मोड़ा। स्यालीधार स्थित ईवीएम वेयरहाउस में 23 अक्टूबर से ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) शुरू होगी। जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुरक्षा के लिए वेबकास्टिंग के साथ सशस्त्र पुलिस बल तैनात रहेगा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में जांच की तैयारियों और मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि एफएलसी प्रतिदिन सुबह नौ से शाम सात बजे तक होगी। रविवार और अन्य अवकाश के दिनों में भी जांच जारी रहेगी। मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से दो-दो अधिकृत प्रतिनिधि नामित करने को कहा गया है। इनके नाम, पता, मोबाइल नंबर और पहचान संबंधी दस्तावेज 22 अक्टूबर तक उपलब्ध कराने होंगे।

ईवीएम वेयरहाउस में पहले से 25 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। सुरक्षा के लिए एक सेक्शन सशस्त्र पुलिस बल तैनात किया जाएगा। प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर और तलाशी की व्यवस्था रहेगी। पूरी प्रक्रिया की वेबकास्टिंग होगी, जिसकी निगरानी भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय करेगा। एफएलसी हॉल में मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर और कैमरा प्रतिबंधित रहेंगे। सही मशीनों पर हरे और खराब मशीनों पर लाल स्टीकर लगाया जाएगा। जांच के बाद चयनित पांच प्रतिशत सही मशीनों पर मॉक पोल कराया जाएगा।

बैठक में बताया गया कि एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन 12 नवंबर को होगा। 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां ली जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक होगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन चार जनवरी 2027 को किया जाएगा।