DTN हल्द्वानी। पुलिस महानिरीक्षक कुमायूँ परिक्षेत्र निवेदिता कुरेती ने हल्द्वानी में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस आधुनिकीकरण, सीसीटीएनएस और साइबर पोर्टलों की समीक्षा के आंकड़े साझा किए। उन्होंने कहा कि डिजिटल पुलिसिंग और शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण पुलिस व्यवस्था की प्राथमिकता है। एक जनवरी से 20 जुलाई तक सीसीटीएनएस पोर्टल पर प्राप्त 19,619 ऑनलाइन सम्मनों में 50 प्रतिशत की तामील सुनिश्चित की गई।

साइबर शिकायतों के निस्तारण में पिथौरागढ़ ने 91 प्रतिशत और अल्मोड़ा ने 82.59 प्रतिशत के साथ बेहतर प्रदर्शन किया। साइबर ठगी के मामलों में 58.14 लाख रुपये से अधिक की धनराशि पीड़ितों को वापस कराई गई, जबकि 70.5 प्रतिशत धनराशि वापसी के साथ पिथौरागढ़ रेंज में पहले स्थान पर रहा।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि 303 सिम कार्ड और 320 आईएमईआई ब्लॉक किए गए। वहीं 240 संदिग्ध म्यूल अकाउंट का सत्यापन कर 32 मुकदमे दर्ज किए गए। अन्य राज्यों से प्राप्त 96.94 प्रतिशत सहायता अनुरोधों का समयबद्ध निस्तारण किया गया। पुलिस महानिरीक्षक ने सभी जनपदों को सीसीटीएनएस और साइबर पोर्टलों पर दर्ज शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और तकनीक आधारित पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
