DTN पिथौरागढ़। इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर 7.38 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी के मामले में पिथौरागढ़ पुलिस ने वांछित आरोपित को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान अभिषेक तिवारी निवासी ग्राम भड़रा, थाना अतरैला, जिला रीवा, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। मामले में न्यायालय से उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था।

पुलिस के अनुसार, 16 जनवरी 2026 को विशाल भट्ट ने कोतवाली पिथौरागढ़ में तहरीर देकर बताया था कि इंस्टाग्राम पर फर्जी डीएलएफ आईडी बनाकर उनके साथ 7,38,881 रुपये की धोखाधड़ी की गई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अभिषेक तिवारी समेत अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान अभिषेक तिवारी की संलिप्तता सामने आई। जांच में पता चला कि ठगी की रकम में से 4.50 लाख रुपये आरोपित के फेडरल बैंक खाते में प्राप्त हुए थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपित विवेचना में सहयोग नहीं कर रहा था और न्यायालय में पेश होने से बचने के लिए फरार चल रहा था। इसके बाद न्यायालय ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एसएचओ कोतवाली ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में गठित टीम ने सर्विलांस सेल की मदद से तकनीकी और अन्य जानकारियां जुटाईं। इसके बाद कार्रवाई करते हुए आरोपित को मध्य प्रदेश के इंदौर-रीवा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपित को न्यायालय में पेश कर रही है।
पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी, संदिग्ध लिंक और ऑनलाइन लेन-देन के झांसे से बचने की अपील की है।
