एक सप्ताह में सुधार लाएं, वरना कार्रवाई के लिए रहें तैयार

DTN अल्मोड़ा। प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के तहत संचालित योजनाओं की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने नाराजगी जताई है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर कार्यप्रणाली में सुधार लाने और योजनाओं को गति देने के निर्देश दिए। निर्धारित समय में संतोषजनक प्रगति नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आज विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में योजना के तहत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति पर चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करें और योजनाओं से अधिक से अधिक किसानों को जोड़ें।

डीएम ने कहा कि कृषि अर्थव्यवस्था का आधार है और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना का उद्देश्य कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के साथ किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। ऐसे में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि योजनाओं की प्रगति केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसका असर किसानों की आय, कृषि उत्पादन और आजीविका में सुधार के रूप में भी दिखाई देना चाहिए। अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए योजनाओं की नियमित निगरानी करें। बैठक में परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास केएन तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।