DTN चम्पावत। विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की तैयारियों के तहत चम्पावत में ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) का कार्य जारी है। आज जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार ने कलक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस पहुंचकर जांच प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ईसीआईएल) के इंजीनियरों से मशीनों की तकनीकी जांच की जानकारी ली और निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मशीनों की जांच कराई जा रही है। उन्होंने प्रतिनिधियों से आगामी दिनों में भी जांच प्रक्रिया में नियमित रूप से शामिल होने की अपील की।
अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी केएन गोस्वामी की देखरेख में तकनीकी मानकों के अनुरूप जांच की जा रही है। इस दौरान भाजपा के रोहित बिष्ट, कांग्रेस के श्याम सिंह कार्की और बसपा के अजय सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। नोडल अधिकारी ईवीएम विमल कुमार सूंठा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डीएस अधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
