DTN चंपावत। जिला सभागार में आज जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। कार्यक्रम में अलग-अलग विभागों से संबंधित 139 आवेदन प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शिकायतों का नियमानुसार समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।

जनता मिलन में सोलर लाइट लगाने, फसलों की सुरक्षा के लिए घेरबाड़ और चेनलिंक फेंसिंग, प्रधानमंत्री आवास योजना, सुरक्षा दीवार निर्माण, आर्थिक सहायता, राशन कार्ड, पशुपालन, सड़क और पेयजल से जुड़ी समस्याएं उठाई गईं। डीएम ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी न की जाए और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से दिया जाए।
कार्यक्रम में दिव्यांग सुन्दर सिंह और मुड़ियानी निवासी ममता देवी ने अपने दिव्यांग पुत्र हिमांशु रावत के उपचार और आर्थिक सहायता की मांग रखी। इस पर डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को उपचार के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आर्थिक सहायता के आवेदनों की भी नियमानुसार जांच कर कार्रवाई करने को कहा।
ग्रामसभा हरम, मंच निवासी शंकर सिंह ने पेयजल की समस्या उठाई। डीएम ने अधिशासी अभियंता, जल निगम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, मौराड़ी के लक्ष्मीदत्त जोशी, नरसिंह डांडा की कमला देवी, लड़ाबोरा अमोड़ी के मुकेश सिंह नेगी, लोहाघाट के अनिल राय, अर्जुन सिंह और सुन्दरी देवी ने आर्थिक सहायता के लिए आवेदन किया। अजय नरियाल ने फसलों की सुरक्षा के लिए घेरबाड़ कराने की मांग रखी।
डीएम ने अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन पर की गई कार्रवाई की नियमित समीक्षा करने और शिकायतकर्ताओं को प्रगति की जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय और जवाबदेही के साथ काम करें।
नौ लोगों के मौके पर बने आयुष्मान कार्ड
जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान नौ लाभार्थियों के मौके पर ही आयुष्मान कार्ड बनाए गए, ताकि उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
जनता मिलन कार्यक्रम में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी दीप्तकीर्ति तिवारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग विभोर गुप्ता और परियोजना प्रबंधक यूयूएसडीए अंकित आर्या सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
