चम्पावत में धूमधाम से मनेगा राज्य स्थापना दिवस, स्वास्थ्य शिविर से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक होंगे आयोजन

DTN चम्पावत। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ (रजत जयंती) पर नौ नवंबर को चम्पावत में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं। स्थापना दिवस पर कलेक्ट्रेट परिसर और जिला सभागार में स्वास्थ्य शिविर, योग सत्र, रक्तदान शिविर, जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत सहायता वितरण, प्रदर्शनियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि शासन के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का शुभारंभ सुबह 10 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में होगा। इस दौरान विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही विभिन्न रचनात्मक और विकासात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। स्वास्थ्य शिविर में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, नेत्र परीक्षण, आयुष सेवाएं और गैर-संचारी रोगों की जांच की जाएगी। इसके साथ ही वेलनेस पंजीकरण, योग सत्र और रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल और प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। समाज कल्याण विभाग की ओर से वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित लाभ वितरण किया जाएगा। वहीं सीएम-एसएलईएम, एनएलएम, ईडीपी, वाइब्रेंट विलेज, पीबीजी और भेड़ पालन योजनाओं के लाभार्थियों को चेक वितरित किए जाएंगे। दुग्ध पशु प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।

स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वयं सहायता समूहों और ग्राम संगठनों की ओर से स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें स्थानीय उत्पादों के साथ वोकल फॉर लोकल की झलक देखने को मिलेगी। तंबाकू मुक्त भारत अभियान पर विशेष प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

स्थापना दिवस पर लोकतंत्र के प्रहरियों और स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक जिला सभागार में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। जिला प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और आम लोगों से कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर राज्य स्थापना दिवस को उत्साहपूर्वक मनाने की अपील की है।