DTN लोहाघाट। लोहाघाट के सुई गांव में गुलदार के हमले की घटना के बाद वन विभाग ने उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी तेज कर दी है। प्रभावित क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पांच पिंजरे और करीब 15 कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं। वहीं, गुलदार को जल्द पकड़ने के लिए वन विभाग की विशेष टीम 24 घंटे क्षेत्र में गश्त कर रही है।

प्रभागीय वनाधिकारी ढीनो पुरुषोत्तम ने बताया कि घटना के बाद वन विभाग ने तत्काल सुरक्षात्मक कदम उठाते हुए विशेष टीम गठित की है। टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर गुलदार की गतिविधियों पर नजर रख रही है। उसकी लोकेशन ट्रेस करने और उसे पिंजरे में कैद करने के लिए पांच पिंजरे और लगभग 15 कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं। वन विभाग के कर्मचारी मौके पर तैनात रहकर अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस और वन विभाग आपसी समन्वय से काम कर रहे हैं। गुलदार को पकड़ने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं और अभियान लगातार जारी है।
डीएफओ ने शीत ऋतु में वन्यजीवों की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए ग्रामीणों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शाम के समय जंगल से सटे इलाकों और सुनसान रास्तों पर अकेले आवाजाही न करें। घरों के आसपास उगी झाड़ियों और घास-फूस की नियमित सफाई करें, ताकि वन्यजीवों को छिपने का ठिकाना न मिले। वन विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।
