अवैध पेयजल कनेक्शन, क्षतिग्रस्त सड़क, रोपवे निर्माण और दिव्यांगजन की समस्याओं समेत कई मामलों पर अधिकारियों को सख्त निर्देश

DTN पिथौरागढ़। जिले में आयोजित जनसुनवाई दिवस के दौरान आमजन ने पेयजल संकट, सड़क निर्माण, शिक्षा संस्थानों में तोड़फोड़, रोपवे निर्माण और दिव्यांगजन से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए। जिला सभागार में आयोजित जनसुनवाई में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने नागरिकों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
टकाड़ी ग्राम सभा के ग्रामीणों ने आंवलाघाट पेयजल योजना की मुख्य लाइन में अवैध कनेक्शन जोड़े जाने की शिकायत की। ग्रामीणों का कहना था कि इससे जलाशयों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है और क्षेत्र में पेयजल संकट गहरा गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जल निगम को तत्काल जांच कर अवैध कनेक्शनों को हटाने और पेयजल आपूर्ति सुचारु करने के निर्देश दिए।
ग्राम सुवाकोट में प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र और पंचायत भवन में तोड़फोड़ एवं चोरी की घटनाओं की शिकायत भी जनसुनवाई में उठाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों और पुलिस प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
मुनस्यारी क्षेत्र से आए प्रस्तावों में ग्राम पंचायत पाँगला में नियमित पेयजल आपूर्ति, जोशा से पंचाचूली बेस कैंप तक रोपवे निर्माण और बाजानी-सुगड़िया झरने तक अश्व एवं ट्रैकिंग मार्ग विकसित किए जाने की मांग प्रमुख रही। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को इन प्रस्तावों की व्यवहारिकता का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ऐंचोली क्षेत्र के निवासियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी क्षतिग्रस्त सड़क और लंबे समय से अधूरे पड़े नाली निर्माण कार्य की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति और जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान एक दिव्यांगजन ने कृत्रिम अंग बदलने का अनुरोध भी किया, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
इसके अलावा औलतड़ी, घिघरानी और भागीचौरा क्षेत्र के ग्रामीणों ने औलतड़ी-भागीचौरा मोटर मार्ग का विस्तार घिघरानी तक किए जाने की मांग रखी। इस संबंध में भी संबंधित विभाग को परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को प्राप्त शिकायतों और मांगपत्रों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, उपजिलाधिकारी सदर जितेन्द्र वर्मा, जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
