गनर बदलने पर गरमाई सियासत, विधायक हरीश धामी के आरोपों के बीच एसपी का बड़ा बयान

DTN पिथौरागढ़। धारचूला विधायक हरीश धामी के गनर बदले जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। जौलजीबी मेले के दौरान सुरक्षा को लेकर उठे सवालों के बाद विधायक ने गनर बदले जाने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने राज्यपाल को पत्र भेजकर अपनी जान को खतरा होने की आशंका जताई थी। साथ ही चेतावनी दी थी कि यदि उनकी हत्या होती है तो इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। विधायक ने पूर्व गनर को दोबारा तैनात करने की मांग भी उठाई थी।

इस बीच पिथौरागढ़ पुलिस अधीक्षक की ओर से जारी बयान ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। एसपी के मुताबिक विधायक की सुरक्षा में अप्रैल 2013 से यानी करीब 13 वर्षों से कांस्टेबल दीप बिष्ट गनर के रूप में तैनात थे। हाल ही में जौलजीबी मेले के दौरान पैदा हुई परिस्थितियों में गनर का विधायक के साथ मौजूद नहीं होना और निर्धारित सुरक्षा दायित्वों का पालन नहीं करना जांच में पुष्ट हुआ है।

एसपी ने स्पष्ट किया है कि विधायक की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दीप बिष्ट को हटाकर दूसरे कांस्टेबल की तैनाती की गई है। इतना ही नहीं, संबंधित गनर के खिलाफ मिली अन्य शिकायतों की भी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

13 साल पुराने गनर को हटाने पर उठे सवाल

विधायक और उनके गनर के बीच लंबे समय से चला आ रहा सुरक्षा का संबंध अचानक समाप्त होने के बाद मामला चर्चा में है। एक ओर विधायक गनर बदलने के फैसले पर सवाल उठाते हुए अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका जता रहे हैं, वहीं पुलिस का कहना है कि सुरक्षा ड्यूटी में लापरवाही सामने आने के कारण यह बदलाव किया गया है।

अब पुलिस की ओर से अन्य शिकायतों की जांच और दीप बिष्ट के खिलाफ संभावित कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं। वहीं विधायक के आरोपों और पुलिस के स्पष्टीकरण के बाद यह मामला जिले में राजनीतिक और प्रशासनिक चर्चा का विषय बन गया है।