पिथौरागढ़/ जौलजीबी। जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय जौलजीबी मेले के लिए तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मेला क्षेत्र और हेलीपैड का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मेले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम को देखते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं। उन्होंने सफाई, विद्युत, पेयजल, सुरक्षा, पार्किंग, साउंड, मंच, सीसीटीवी कैमरे, और यातायात व्यवस्था के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
इस वर्ष मेले में दुकानों के आवंटन के लिए नई व्यवस्था की गई है, जिसमें गत वर्ष की तुलना में 20 प्रतिशत अधिक दुकानें आवंटित की जाएंगी। मेला अधिकारी मनजीत सिंह ने बताया कि दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू हो गई है और अन्य तैयारियां भी प्रगति पर हैं।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी डॉ. शिवकुमार बरनवाल, पीडी आशीष पुनेठा, जिला शिक्षा अधिकारी हरक राम कोहली, और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
