चम्पावत में 9.51 करोड़ से बनेगी शूटिंग रेंज, खिलाड़ियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

DTN चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रम में जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शासन ने चम्पावत में शूटिंग रेंज एवं अन्य खेल सुविधाओं के निर्माण के लिए 951.91 लाख रुपये (9.51 करोड़ रुपये) की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। परियोजना के धरातल पर उतरने से जिले के युवाओं और प्रतिभावान खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास की सुविधा मिल सकेगी।

स्वीकृत धनराशि में 849.71 लाख रुपये निर्माण कार्य तथा 102.20 लाख रुपये अन्य अनुमन्य प्रावधानों के लिए रखे गए हैं। परियोजना के लिए 40 प्रतिशत के रूप में 380.764 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इसमें पूर्व में अवमुक्त 198.60 लाख रुपये को समायोजित करते हुए अब 182.164 लाख रुपये की शेष धनराशि अवमुक्त करने की स्वीकृति दी गई है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि जिले में खेल अवस्थापना सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। शूटिंग रेंज और आधुनिक खेल सुविधाओं के विकसित होने से स्थानीय युवाओं व खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ ही राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा।

शासन ने कार्यदायी संस्था उत्तराखंड पेयजल संसाधन एवं निर्माण विकास निगम (खेल इकाई), देहरादून को आवश्यक निविदा और अन्य औपचारिकताएं समय से पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। परियोजना को निर्धारित अवधि में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के साथ तृतीय पक्ष से गुणवत्ता परीक्षण और नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शासन की शर्तों और निर्धारित मानकों का पालन करते हुए परियोजना की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल सुविधाओं के विस्तार से युवाओं को प्रोत्साहन मिलने के साथ चम्पावत को खेल गतिविधियों के बेहतर केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।