सतगढ़ में “द बुरांश बाइट्स” रेस्टोरेंट कैफे का भव्य उद्घाटन

पिथौरागढ़। विकासखंड कनालीछीना के ग्राम सतगढ़ में मल्लिकार्जुन स्वयं सहायता महिला समूह द्वारा संचालित रेस्टोरेंट कैफे “द बुरांश बाइट्स” का भव्य उद्घाटन 119 इंडिपेंडेंट इन्फैंट्री ब्रिगेड के कमांडर गौतम पठानिया द्वारा किया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने समूह की महिलाओं को इस अभिनव पहल के लिए बधाई दी।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने इस पहल को महिला सशक्तिकरण और आजीविका संवर्धन की दिशा में एक मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएम) के अंतर्गत शुरू किया गया यह रेस्टोरेंट न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगा, बल्कि स्वयं सहायता समूहों के संगठन और फेडरेशन को भी मजबूती प्रदान करेगा।

डॉ. सैनी ने रेस्टोरेंट की प्रमुख महिला संचालिकाओं ज्योति बिष्ट और ममता के प्रयासों की भरपूर सराहना की और इसे ग्रामीण महिलाओं के लिए स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में एक प्रेरणास्पद प्रयास बताया। परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास आशीष पुनेठा ने बताया कि दोनों महिला संचालिकाओं ने ऋण लेकर यह आजीविका गतिविधि प्रारंभ की है।

इस समूह को ब्लॉक मिशन मैनेजर यूनिट द्वारा निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान किया जाता रहेगा, ताकि महिलाओं के उत्साह और प्रयासों में कोई कमी न आने पाए। उन्होंने बताया कि इस कैफे में एनआरएम की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों की खरीदारी भी की जा सकती है।