पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल का चंपावत दौरा: जनपद को ‘आदर्श पर्यटन गंतव्य’ बनाने पर जोर, पैराग्लाइडिंग हब और गोलज्यू कॉरिडोर के विकास की समीक्षा

चंपावत। सचिव, पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल, सोमवार को अपने एक दिवसीय चंपावत जनपद भ्रमण पर पहुँचे। उन्होंने जनपद को पर्यटन की दृष्टि से आदर्श गंतव्य बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया और विकास कार्यों की प्रगति का जायज़ा लिया।
सचिव गर्ब्याल ने अपने दौरे की शुरुआत जनपद के स्प्रिचुअल ज़ोन हेतु प्रस्तावित स्थल से की। इसके बाद, वह लोहाघाट पहुँचे, जहाँ उन्होंने कोलीढेक झील और बाणासुर किले के पैराग्लाइडिंग क्षेत्र का निरीक्षण किया। बाणासुर क्षेत्र में पैराग्लाइडिंग ज़ोन के विकास की अपार संभावनाओं को देखते हुए, उन्होंने इसे एक प्रमुख पैराग्लाइडिंग हब बनाने पर विशेष जोर दिया।
इसके पश्चात, सचिव ने जिलाधिकारी मनीष कुमार के साथ गोलज्यू कॉरिडोर का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कॉरिडोर के डिज़ाइन, निर्माण की प्रगति और समयबद्ध गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। सचिव ने कहा कि यह कॉरिडोर चंपावत के धार्मिक पर्यटन को नया आयाम देगा।
गर्ब्याल ने स्पष्ट किया कि चंपावत में प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक महत्व का अद्भुत संगम है, जिसका समुचित उपयोग कर इसे पर्यटन मानचित्र पर शीर्ष पर लाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड सरकार चंपावत को पर्यटन के दृष्टि से आदर्श जनपद बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्प्रिचुअल, साहसिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के एकीकृत विकास पर ध्यान केंद्रित करने की बात कही, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और जनपद की आर्थिकी मजबूत होगी।
सचिव ने बालेश्वर मंदिर के संवर्धन और बेहतर प्रबंधन के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, साथ ही प्रसाद वितरण की व्यवस्था में सुधार हेतु एक ठोस कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया। संस्कृति और मनोरंजन को बढ़ावा देने के लिए, उन्होंने गौरलचौड़ मैदान के पीछे खाली भूमि का उपयोग कर ओपन एयर थिएटर स्थापित करने की योजना को आगे बढ़ाने का निर्देश दिया।
खेल सुविधाओं के विकास के लिए, उन्होंने खेल मैदान में क्रिकेट पिच की मरम्मत और सुधार करने के निर्देश दिए ताकि युवाओं को बेहतर सुविधा मिल सके और खेल के स्तर को ऊँचा उठाया जा सके।
निरीक्षण में जिलाधिकारी मनीष कुमार, उप जिलाधिकारी चंपावत अनुराग आर्य, जिला पर्यटन विकास अधिकारी लता बिष्ट सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।