दीपावली के लिए डीएम आशीष भटगांई के कड़े निर्देश, सभी विभागों को अलर्ट पर रहने के आदेश

सुरक्षा, स्वास्थ्य और व्यवस्था पर फोकस: 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं, बाजारों में फायर टेंडर, पुलिस बल तैनात

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने दीपावली पर्व के दृष्टिगत जनपद के समस्त विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नागरिकों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम, आवश्यक सेवाओं की निरंतरता तथा आपदा नियंत्रण व्यवस्था को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने पर ज़ोर दिया है।
डीएम द्वारा जारी विस्तृत निर्देशों में सभी विभागों को पर्व के दौरान हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग: 24 घंटे आपातकालीन ड्यूटी
स्वास्थ्य विभाग को सभी अस्पतालों, प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में 24 घंटे आपातकालीन ड्यूटी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। 108 एम्बुलेंस सेवा को पूर्ण रूप से क्रियाशील रखने, चालक एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता बनाए रखने और बर्न यूनिट्स वाले अस्पतालों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यक दवाइयाँ, ड्रेसिंग सामग्री और बर्न ऑइंटमेंट्स की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
अग्निशमन विभाग: फायर स्टेशन हाई अलर्ट पर
अग्निशमन विभाग के सभी फायर स्टेशन हाई अलर्ट पर रहेंगे। मुख्य बाजारों, पटाखा बाजारों एवं पूजा स्थलों पर फायर टेंडर व जल टैंकर की व्यवस्था अनिवार्य होगी। पटाखा विक्रेताओं को अग्निशमन सुरक्षा नियमों का पूर्ण पालन कराने के साथ ही त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) को हर समय कार्यशील स्थिति में रखने और पर्व के दौरान नाइट पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश हैं।
विद्युत एवं जल आपूर्ति: निरंतरता और तकनीकी जांच
विद्युत विभाग को दीपावली के दौरान लोड को देखते हुए फीडरों की मॉनिटरिंग, ट्रांसफार्मर, खंभे और खुले तारों की तकनीकी जांच करने को कहा गया है। आपातकालीन मरम्मत दल 24 घंटे तत्पर रहेगा। जल संस्थान को पर्व के दौरान निरंतर जल आपूर्ति सुनिश्चित करने और आपात स्थिति के लिए जल टैंकर की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस विभाग: बाजारों और मंदिरों पर कड़ा पहरा
पुलिस विभाग को मुख्य बाजारों, मंदिरों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, यातायात व्यवस्था नियंत्रित करने और पार्किंग हेतु पृथक क्षेत्र चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं। महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी, साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतर्क निगरानी और सीसीटीवी कैमरों की निरंतर मॉनिटरिंग करने को कहा गया है। सभी थाने 24×7 अलर्ट मोड में कार्य करेंगे।
नगर पालिका: विशेष सफाई अभियान
नगर पालिका/पंचायत विभाग को दीपावली से पूर्व सड़कों, नालियों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सफाई अभियान चलाने, कूड़ा उठाने हेतु विशेष टीमें तैनात करने तथा पर्व उपरांत कचरे का समुचित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पटाखा बाजारों में फायर उपकरण, पानी की टंकी एवं बालू के बोरे अनिवार्य रूप से रखे जाएंगे।
जन-जागरूकता एवं आपदा नियंत्रण
सूचना विभाग को जनसामान्य को सुरक्षित एवं प्रदूषण रहित दीपावली मनाने हेतु जागरूक करने और सुरक्षा संदेश प्रसारित करने को कहा गया है। आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (DEOC) को 24×7 सक्रिय रहने, सभी विभागों से समन्वय बनाने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला प्रशासन को देने के निर्देश हैं।
डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पर्व का सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को हर समय मोबाइल पर उपलब्ध रहने के सामान्य निर्देश भी जारी किए गए हैं।