अपर उपनिरीक्षक गोविंद सिंह कोश्यारी ने अपने बोनस से ट्रैफिक कर्मियों को बांटी मिठाईयां 

पिथौरागढ़।दीपावली के उल्लासपूर्ण माहौल के बीच जब पूरा शहर खरीदारी और पर्व की तैयारियों में लीन है, तब भी शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी पर मुस्तैदी से डटे हुए हैं। ऐसे समर्पित पुलिसकर्मियों के उत्साहवर्धन के लिए एक अनुकरणीय पहल करते हुए, यातायात अपर उपनिरीक्षक गोविंद सिंह कोश्यारी ने मानवता और कर्तव्यपरायणता का बेहतरीन उदाहरण पेश किया है।
भीड़-भाड़ वाले इस त्योहारी समय में अपनी सेवा दे रहे यातायात कांस्टेबल्स, हेड कांस्टेबल्स और होमगार्ड्स के समर्पण और सेवा भाव को सम्मानित करने के उद्देश्य से,  कोश्यारी ने अपने व्यक्तिगत दीपावली बोनस की पूरी धनराशि का उपयोग किया। उन्होंने इस धनराशि से मिष्ठान क्रय कर सभी ट्रैफिक कर्मियों को दीपावली की शुभकामनाओं सहित वितरित किया।
जनपद पिथौरागढ़ में तैनात इन जांबाजों को इस अप्रत्याशित सम्मान और मिष्ठान वितरण ने न केवल उनका मनोबल बढ़ाया है, बल्कि उन्हें यह महसूस कराया है कि उनके कठिन परिश्रम को अधिकारी वर्ग द्वारा सराहा जा रहा है।
कोश्यारी के इस नेक कार्य की जानकारी मिलते ही स्थानीय जनता और सोशल मीडिया पर उनकी खूब सराहना हो रही है। लोगों ने इसे ‘सच्ची दीपावली की भावना’ और ‘अधिकारी-कर्मचारी के बीच मधुर संबंध का प्रतीक’ बताया है। जनता का कहना है कि जहां एक ओर यातायात पुलिस भीड़ नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है, वहीं दूसरी ओर अधिकारी द्वारा किया गया यह सम्मान उनकी ड्यूटी को और प्रेरणादायक बनाता है।