पिथौरागढ़/कनालीछीना। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आगामी जनपद भ्रमण को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में, जिलाधिकारी आशीष भटगांई और पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने आज विकासखंड कनालीछीना के ग्राम बारमो टुण्डी का स्थलीय निरीक्षण किया।
हेलीपैड से लेकर मंदिर परिसर तक देखी व्यवस्था
डीएम और एसपी ने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का गहन जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने हेलीपैड स्थल, पौराणिक खण्डेनाथ मंदिर परिसर, मुख्य मंच स्थल, अतिथियों और आम जनता के लिए बैठक व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।
यातायात, बिजली और सफाई पर विशेष ध्यान
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सुचारू यातायात प्रबंधन, निर्बाध पेयजल और विद्युत आपूर्ति, तथा कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएँ समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी की जानी चाहिए।
ग्रामीणों से मिले डीएम, मांगा जनसहयोग
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने ग्राम बारमो और टुण्डी के स्थानीय ग्रामीणों से भी मुलाकात की। उन्होंने उनकी कुशलक्षेम पूछी और मुख्यमंत्री के आगमन को सफल बनाने के लिए जनसहयोग का आह्वान किया। डीएम ने जोर देकर कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि कार्यक्रम का संचालन सुचारू और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
निरीक्षण में अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, उप जिलाधिकारी (डीडीहाट) खुशबू पाण्डेय, विकासखंड अधिकारी, ग्राम प्रधान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

