पिथौरागढ़। लंबे समय से प्रतीक्षित पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र (POPSK) की स्थापना को लेकर पिथौरागढ़ जनपद में बड़ा कदम उठाया गया है। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रस्तावित स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर केंद्र की स्थापना की प्रक्रिया को औपचारिक रूप से आगे बढ़ाया। निरीक्षण से यह संकेत मिला है कि जनवरी माह तक पासपोर्ट सेवा केंद्र शुरू होने की संभावना है।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, देहरादून से पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी तजेंद्र सिंह बिष्ट एवं डी.एस. राणा ने डाक विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर प्रस्तावित कमरों का अवलोकन किया। इस दौरान बुनियादी ढांचे, स्थान की उपयुक्तता, सुरक्षा, तकनीकी आवश्यकताओं और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विस्तृत मूल्यांकन किया गया।
संयुक्त निरीक्षण के बाद तैयार रिपोर्ट को विदेश मंत्रालय (MEA) को भेजा जाएगा। मंत्रालय से स्वीकृति मिलते ही पिथौरागढ़ में पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र की शुरुआत कर दी जाएगी। केंद्र खुलने से पिथौरागढ़ के साथ-साथ चम्पावत और बागेश्वर जनपद के लोगों को भी पासपोर्ट सेवाओं के लिए दूरस्थ शहरों की दौड़ से राहत मिलेगी।
जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि जनपद में पासपोर्ट सेवा केंद्र की मांग लंबे समय से की जा रही थी। निरीक्षण के साथ इस दिशा में ठोस प्रगति हुई है। स्वीकृति मिलने के बाद शीघ्र ही सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी।
नगर महापौर कल्पना देवलाल ने बताया कि केंद्र की स्थापना के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं नगर निगम पिथौरागढ़ द्वारा सुनिश्चित की जाएंगी। इससे नगर में नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह,अधीक्षक डाकघर राजेश कुमार बिनवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
