सोरगढ़ किले के पास होगा पर्यटन हब का विकास, बनेगा पिथौरागढ़ का पहला हैरिटेज वेंडिंग जोन

DTN पिथौरागढ़। जिले में पर्यटन, स्थानीय आजीविका और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण को नई दिशा देने के उद्देश्य से सोरगढ़ किला (लंदन फोर्ट) क्षेत्र में महत्वाकांक्षी विकास योजना तैयार की गई है। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने आज प्रस्तावित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) का अवलोकन किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सोरगढ़ किले के समीप विकसित होने वाला पिथौरागढ़ नगर का पहला हैरिटेज वेंडिंग जोन पर्यटन को नई पहचान देने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देगा। यहां पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक खान-पान, हस्तशिल्प, लोक कला और जनपद के विशिष्ट उत्पाद एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे। इससे स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय कारीगरों, युवाओं और छोटे व्यापारियों के लिए स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार मिलेगा।

योजना को दो चरणों में विकसित किया जाएगा। प्रथम चरण में हैरिटेज वेंडिंग जोन, पार्किंग और आधारभूत पर्यटन सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। दूसरे चरण में ऐतिहासिक सदर रामलीला मैदान का उच्चीकरण एवं सौंदर्यीकरण होगा। इसके अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों और युवाओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त जिला पुस्तकालय के पुनर्निर्माण तथा सूचना विभाग कार्यालय के पुनर्निर्माण का प्रस्ताव भी योजना में शामिल किया गया है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना के प्रत्येक कार्य में गुणवत्ता के साथ सांस्कृतिक विरासत का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि योजना जल्द धरातल पर उतर सके। उनका कहना था कि यह परियोजना पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी और नगर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत बनाएगी।

निरीक्षण के दौरान मेयर कल्पना देवलाल, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, तहसीलदार विजय गोस्वामी, सहायक नगर आयुक्त राजदेव जायसी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।