भुरमुनि में सरकार जनता के द्वार, बहुविभागीय शिविर में सैकड़ों लोगों को मिला सीधा लाभ

पिथौरागढ़। विकासखंड विण की न्याय पंचायत भुरमुनि में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पहल “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के तहत आयोजित एक दिवसीय बहुविभागीय जनसेवा शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिला। यह शिविर इस अभियान की श्रृंखला का पांचवां शिविर रहा, जिसमें प्रशासन खुद गांव पहुंचा और लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया।

शिविर की अध्यक्षता परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास आशीष पुनेठा ने की। शिविर में राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि, उद्यान, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, पशुपालन, शिक्षा, ऊर्जा, सहकारिता सहित कई विभागों के स्टॉल लगाए गए। राजस्व विभाग ने 31 मामलों का निस्तारण किया, जबकि पंचायती राज विभाग ने परिवार रजिस्टर, जन्म-मृत्यु पंजीकरण और राशन कार्ड से जुड़े 27 मामलों में सेवाएं दीं।

कृषि व उद्यान विभाग ने लाभार्थियों को बीज व पौध वितरित किए। स्वास्थ्य विभाग, आयुष व होम्योपैथी की ओपीडी में बड़ी संख्या में लोगों का उपचार किया गया। श्रम विभाग द्वारा कौशल विकास प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरित किए गए। महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण और खाद्य विभाग की योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

परियोजना निदेशक आशीष पुनेठा ने कहा कि 17 दिसंबर से शुरू इस अभियान का उद्देश्य गांव-गांव जाकर जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करना है। शिविर में जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी सहित अनेक विभागीय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।