पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में पिथौरागढ़ में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन से जुड़े भूमि अधिग्रहण के लंबित प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एनएच-09, एनएच-109ए एवं एनएच-309ए सहित विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान एनएच-09 के ढुंगातोली–तवाघाट एवं तवाघाट–लिपुलेख खंडों में भूमि एवं भवनों के प्रतिकर भुगतान तथा शेष लंबित मामलों की स्थिति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने प्रतिकर भुगतान से जुड़े मामलों में आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
एनएच-109ए जोलजीबी–मुनस्यारी–रामगंगा पुल एवं एनएच-309ए रामेश्वर–गंगोलीहाट–चौकोड़ी–बागेश्वर मार्ग के अंतर्गत अधिसूचनाओं, भवनों व वृक्षों के मूल्यांकन तथा प्रतिकर निर्धारण की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयसीमा के भीतर प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा गया।
इसके अलावा घाट–गंगोलीहाट–बेरीनाग, तवाघाट–सोबला, न्यू सोबला–तिदांग एवं तिदांग–बिदांग मोटर मार्गों से जुड़े भूमि अधिग्रहण प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। डीएम ने निर्देश दिए कि जहां प्रस्ताव लंबित हैं वहां संयुक्त निरीक्षण कर शीघ्र प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाएं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर समस्या आने पर तत्काल जिला प्रशासन को अवगत कराया जाए। उन्होंने उपजिलाधिकारी धारचूला को सड़क संबंधी मामलों की दैनिक समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह सहित राष्ट्रीय राजमार्ग, बीआरओ, लोनिवि के अधिकारी मौजूद रहे, जबकि एसडीएम धारचूला जितेंद्र वर्मा एवं एसडीएम गंगोलीहाट यशवीर सिंह वीसी के माध्यम से जुड़े।
