देवदार–बांज की कटाई पर सख्त डीएम, बोले हर पेड़ बचाना सामूहिक जिम्मेदारी

लोहाघाट (चंपावत)। लोहाघाट क्षेत्र के भेड़खान में देवदार के पेड़ों को गर्डल किए जाने के गंभीर मामले पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने जनपद में स्थित देवदार एवं बांज के वृक्षों के संरक्षण को लेकर सख्त निर्देश जारी किए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि देवदार और बांज जैसे महत्वपूर्ण वृक्षों का संरक्षण केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि सभी विभागों और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि वृक्ष संरक्षण के लिए विभिन्न विभागों को क्षेत्रवार जिम्मेदारियां सौंपी जाएं, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

डीएम ने चेतावनी दी कि पेड़ों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने जनपद के सभी पटवारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अतिक्रमण चिन्हित कर तत्काल हटाने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने पटवारियों, ग्राम विकास अधिकारियों सहित सभी फील्ड अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जनता को अनावश्यक रूप से फाइलों में न उलझाया जाए और सभी मामलों का अधिकतम दो दिन के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं और इन कार्यों में संवेदनशीलता, तत्परता और जिम्मेदारी के साथ काम करना अनिवार्य है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या, आकाश जोशी, नीतू डांगर सहित विभिन्न क्षेत्रों के पटवारी और विभागीय फील्ड अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।