पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में आज साप्ताहिक जनता मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने की। कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से सुनकर उनका समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करना रहा।

जनता मिलन के दौरान जनपद के विभिन्न विकासखंडों, तहसीलों एवं ग्रामों से पहुंचे नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भूमि विवाद, अतिक्रमण, आपदा राहत, पेयजल, सड़क, राशन कार्ड, आर्थिक सहायता तथा अवैध कब्जों से जुड़ी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए।
जनसुनवाई में सहकारी गूल में अतिक्रमण हटाने, आपदा मद से धन आवंटन, पात्र व्यक्तियों को राशन कार्ड निर्गत करने, अवैध कब्जे हटाने, प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिलाने, दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए क्रैश बैरियर लगाने तथा जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग प्रमुख रूप से उठी।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार ने देवलथल तहसील अंतर्गत चमू पट्टी में ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र के नाम पर आमजन को परेशान किए जाने की शिकायत रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं ग्राम प्रधान दियुडी ने दिग्तोली से दियुडी तक सड़क के डामरीकरण की मांग उठाई, जिस पर लोक निर्माण विभाग को शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।
जनता मिलन में ग्राम धारीगांव के 20 से अधिक परिवारों द्वारा उठाया गया पेयजल संकट का मामला गंभीर रहा। इस पर जिलाधिकारी ने जल निगम को तत्काल क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत कर जलापूर्ति बहाल करने, वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के उपरांत जिलाधिकारी ने 1905 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए लंबित शिकायतों पर नाराजगी जताई और समयबद्ध निस्तारण न होने पर जिम्मेदारी तय करने की चेतावनी दी।
जनता मिलन कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी सदर मनजीत सिंह, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास आशीष पुनेठा सहित जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
