कुंजापुरी मेले की स्वर्ण जयंती का आगाज, सीएम धामी ने किया ध्वजारोहण

DTN नरेंद्रनगर (टिहरी गढ़वाल)। शारदीय नवरात्रि के शुभारंभ के साथ ही नरेंद्रनगर में 50वें सिद्धपीठ श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का आगाज हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मेले का ध्वजारोहण कर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने सांस्कृतिक झांकियों का अवलोकन किया और विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन कर विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने शहीद स्थल पर अमर शहीदों की प्रतिमाओं और स्वतंत्रता संग्राम शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही मां कुंजापुरी के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना की।

मुख्यमंत्री ने मेले की स्वर्ण जयंती और शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवरात्रि के अवसर पर मेले का शुभारंभ होना सुखद संयोग है। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस का उल्लेख करते हुए उन्होंने बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कहा कि भारतीय संस्कृति में कन्याओं को मां भगवती का स्वरूप माना गया है।

धार्मिक विरासत के संरक्षण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए कार्य हो रहा है। उत्तराखंड सरकार भी केदारखंड और मानसखंड के प्रमुख मंदिरों में सुविधाओं का विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

धामी ने समान नागरिक संहिता, सशक्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून और नकल विरोधी कानून का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।

टिहरी झील को पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने टिहरी जिले में चल रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड और पर्यटन मार्ग विकसित किए जा रहे हैं। झील क्षेत्र में जलक्रीड़ा, साहसिक पर्यटन और होमस्टे को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।

उन्होंने नरेंद्रनगर में राजकीय पॉलिटेक्निक के उच्चीकरण, केंद्रीय विद्यालय और विधि महाविद्यालय की स्थापना, सभागार निर्माण तथा गजा अस्पताल के उच्चीकरण से जुड़े कार्यों का भी उल्लेख किया। इसके अलावा करीब 50 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना की जानकारी दी।

झांकियों में दिखी संस्कृति और विकास की झलक

मेले में सांस्कृतिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। छोलिया नृत्य, गाडू घड़ा (तेल कलश) की परंपरा, महिषासुर मर्दिनी, प्रह्लाद की भक्ति पर आधारित नरसिंह अवतार और मां कुंजापुरी से जुड़ी झांकियां प्रस्तुत की गईं। भारत की गौरवशाली बेटियों और बदलते-बढ़ते नरेंद्रनगर की थीम पर भी झांकियों के माध्यम से संदेश दिया गया। इनमें विद्यार्थियों और विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मेले के संस्थापक सुरेंद्र सिंह पांगती और नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर के अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम पंवार ने भी विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख नरेंद्रनगर दीक्षा राणा, नगर पंचायत अध्यक्ष तपोवन विनीता बिष्ट, ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान, नगर पंचायत अध्यक्ष गजा कुंवर सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, जिलाधिकारी टिहरी नितिका खंडेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।