सौर घाटी में गूंजी युवाओं की आवाज, आरजे खोज प्रतियोगिता का भव्य समापन

पिथौरागढ़। सीमांत जनपद में युवाओं की प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से सीआरएस पंचशूल पल्स द्वारा आयोजित ‘सोअर घाटी रेडियो प्रस्तोता खोज प्रतियोगिता’ का अंतिम चरण उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही और प्रतिभागियों ने अपने सशक्त प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया।

अंतिम दौर में पहुंचे 11 प्रतिभागियों ने स्वर की मधुरता, स्पष्ट उच्चारण, त्वरित अभिव्यक्ति और प्रसारण शैली का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल ने विभिन्न चरणों में प्रतिभागियों की प्रस्तुति का मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता के दौरान दर्शकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।

पंचशूल ब्रिगेड के मार्गदर्शन में आयोजित यह प्रतियोगिता सीमावर्ती क्षेत्रों में संचालित सामुदायिक रेडियो की भूमिका को रेखांकित करती है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर देने के साथ ही स्थानीय संस्कृति और लोकभाषा के संरक्षण में भी सहायक सिद्ध हो रहे हैं।

समापन समारोह में ब्रिगेडियर गौतम पाठानिया ने विजेता एवं उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, निर्णायकों और सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।