बेरीनाग (पिथौरागढ़)। शासन की मंशा के अनुरूप आमजन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से न्याय पंचायत राईगढ़स्यारी के राजकीय इंटर कॉलेज राईआगर में बहुद्देशीय जनसेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने की।

शिविर में विभिन्न विभागों ने अपने-अपने काउंटर लगाकर केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से आच्छादित करते हुए कुल 570 लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया गया। शिविर में करीब 425 ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर अपनी समस्याएं व आवेदन प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में विधायक गंगोलीहाट फकीर राम टम्टा, ब्लॉक प्रमुख बेरीनाग संगीता चन्याल समेत 28 जनप्रतिनिधि और 65 अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर के दौरान 109 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 88 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष 21 शिकायतों को संबंधित विभागों को अग्रेतर कार्रवाई के लिए भेजा गया।
शिविर में राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायत राज, कृषक एवं कृषक कल्याण, उद्यान, समाज कल्याण, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, आयुष, पशुपालन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, श्रम, आधार, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, लोक निर्माण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, यूसीसी, पेयजल और शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों ने सहभागिता की। विभिन्न काउंटरों पर वृद्धावस्था, विधवा व दिव्यांग पेंशन, परिवार रजिस्टर की नकल, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र तथा जॉब कार्ड से संबंधित आवेदन पत्र भरे गए।
जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों ने पेयजल, सड़क, स्मार्ट मीटर, विद्युत लाइन, आंगनबाड़ी केंद्र और पंचायत घर निर्माण जैसी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
