पिथौरागढ़। पुरानी चौक बाजार की ऐतिहासिक होलाष्टक सामाजिक समिति द्वारा खड़ी होली के 129 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर के जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य परिवारों के सदस्यों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारे का संदेश प्रमुखता से उभरा।

समिति के अध्यक्ष त्रिभुवन लाल साह तथा वरिष्ठ भाजपा नेता वीरेंद्र साह ठुलघरिया ने संयुक्त रूप से महाकाली एवं ऐतिहासिक धरोहर के प्रतीक चिन्ह भेंट कर अतिथियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने पुरानी चौक बाजार की खड़ी होली को सामाजिक सौहार्द की अद्वितीय परंपरा बताया।
समिति अध्यक्ष त्रिभुवन लाल साह ने कहा कि प्रेम और भाईचारे की मिसाल बनी यह खड़ी होली आज भी समाज को एकजुट रहने का संदेश दे रही है। उन्होंने कहा कि हिंदू और मुस्लिम समुदाय एक साथ मिलकर उल्लासपूर्वक इस पर्व को मनाते हैं और यही परंपरा आने वाली पीढ़ी को विरासत में सौंपनी होगी।
वीरेंद्र साह ठुलघरिया ने कहा कि ऐतिहासिक सांस्कृतिक धरोहर को सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। नई पीढ़ी को पारंपरिक संस्कृति से जोड़ने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
पुरानी बाजार के पार्षद सुशील खत्री, बहार अली, भूपेन्द्र माहरा, सुनील वर्मा, पूरन टम्टा, तारा थापा, सुनील पुनेठा, पीएल गुप्ता, हेमंत मुरारी, अशोक पाटनी, हेम गुंज्याल, ललित खत्री, राजेन्द्र चिलकोटि, बशीर खान, ताहिर खान, सलीम खान, एजाज अली सहित अन्य गणमान्यजन सम्मानित हुए।
कार्यक्रम में बसंत शाह, सूरज जंग थापा, उमेश लाल शाह, अक्षय, अन्नू लाल, कवींद्र, राजू, धर्मेंद्र, पिंकू, गोलू अग्रवाल, तोहराब अली सहित होली कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।
