1,860 आंगनबाड़ी केंद्रों में होगा ‘आंगन का मिलन’, तैयारियों के दिए निर्देश

DTN अल्मोड़ा। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने आज विकास भवन में विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने जिले के सभी 1,860 आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम की व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ उनका सम्मान भी किया जाएगा। केंद्रों पर पोषण आहार व टेक होम राशन वितरण, जन्मोत्सव, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और बच्चों की वृद्धि निगरानी जैसी गतिविधियां होंगी।

उन्होंने कहा कि महिलाओं, बच्चों और बालिकाओं के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों के उच्चीकरण से बच्चों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के साथ पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम को महज औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए और इसका लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी पीताम्बर प्रसाद, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल सहित विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।