वेदांती होली कार्यक्रम में शामिल हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार, खड़ी होली गायन से गूंजा वातावरण

चंपावत। वेदांती होली कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने प्रतिभाग कर क्षेत्रवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान स्थानीय नागरिकों, महिलाओं और युवाओं ने पारंपरिक खड़ी होली का गायन प्रस्तुत करते हुए पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ पर्व मनाया।

कार्यक्रम में लोकगीतों की मधुर स्वर लहरियों से पूरा वातावरण उत्सवमय हो उठा। पारंपरिक खड़ी होली के गायन के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध लोकसंस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग कार्यक्रम में शामिल हुए और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी।

इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। ऐसे सामुदायिक आयोजन समाज में एकता और सद्भाव को मजबूत करते हैं और लोगों को आपस में जोड़ने का कार्य करते हैं।

जिलाधिकारी ने कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों से संवाद कर क्षेत्र की गतिविधियों की जानकारी भी प्राप्त की। साथ ही उन्होंने सांस्कृतिक आयोजनों के लिए छतार वार्ड विकास समिति के प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर छतार वार्ड की सभासद प्रेमा चिल्कोटी, आदर्श होली समिति छतार के अध्यक्ष शंकर गिरी गोस्वामी, सचिव हिमांशु जोशी, समाजसेवी जनार्दन चिल्कोटी, लोकमणि पंत, चंद्रप्रकाश पुनेठा, नवीन पंत सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।