ऑनलाइन निवेश के नाम पर 19 लाख की साइबर ठगी, दो आरोपियों की पहचान

पिथौरागढ़। जनपद में ऑनलाइन निवेश के नाम पर हुई बड़ी साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों की पहचान कर ली है। पुलिस टीम ने राजस्थान जाकर आरोपियों की लोकेशन और पहचान की पुष्टि की है तथा उन्हें कानूनी प्रक्रिया के तहत नोटिस तामील कराया गया है।

पुलिस के अनुसार प्रविण सोनबाजी चौरे निवासी ग्राम गोंडिमोहगांव, पोस्ट झिल्पा, तहसील काटोल जिला नागपुर (महाराष्ट्र), जो वर्तमान में 14वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल जाजरदेवल में तैनात हैं, को टेलीग्राम पर एक निवेश समूह के माध्यम से निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया। आरोपियों ने उन्हें fashiontrends.online नाम की वेबसाइट के जरिए भारी मुनाफे का झांसा दिया।

बताया गया कि वेबसाइट पर 10 लाख रुपये के निवेश पर 21 लाख 10 हजार 754 रुपये का लाभ दिखाया गया। जब पीड़ित ने लाभांश निकालने का प्रयास किया तो आरोपियों ने ‘सिक्योरिटी फीस’ के नाम पर 50 प्रतिशत अतिरिक्त धनराशि जमा करने की बात कही। लालच में आकर पीड़ित ने अपने विभिन्न बैंक खातों से अलग-अलग खातों में करीब 19 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए, लेकिन इसके बाद भी उसे धनराशि वापस नहीं मिली।

धोखाधड़ी का एहसास होने पर पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और बाद में साइबर क्राइम सेल पिथौरागढ़ में उपस्थित होकर अपने बैंक खातों की स्टेटमेंट समेत अन्य साक्ष्य उपलब्ध कराए।

जांच के दौरान पुलिस को दो आरोपी अभय सिंह निवासी आजादनगर (राजस्थान) तथा स्वरूप सिंह निवासी बाड़मेर (राजस्थान) के बारे में जानकारी मिली। थाना जाजरदेवल की पुलिस टीम ने उप निरीक्षक आशीष रावत के नेतृत्व में सर्विलांस सेल के अपर उप निरीक्षक हेम चंद्र और कांस्टेबल कमल तुलेरा की सहायता से राजस्थान जाकर आरोपियों की लोकेशन और पहचान की पुष्टि की। इसके बाद अभियुक्त को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(3) के तहत नोटिस तामील कराते हुए कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है।

सावधानी बरतने की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि टेलीग्राम या व्हाट्सऐप निवेश समूहों से सावधान रहें और किसी भी अज्ञात वेबसाइट या ऐप पर निवेश न करें। अधिक मुनाफे का लालच देने वाले प्रस्तावों से दूर रहें। साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।