चंपावत। जनपद में अब बिना वैध पीयूसी प्रमाणपत्र वाले वाहनों को पेट्रोल और डीजल नहीं मिलेगा। उत्तराखंड पर्यावरण संरक्षण एवं नियंत्रण बोर्ड के निर्देशों के अनुपालन में जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट ने जनपद के सभी पेट्रोल एवं डीजल पंप संचालकों को इस संबंध में सख्त निर्देश जारी किए हैं।

जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट ने बताया कि सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया गया है कि बिना वैध पीयूसी प्रमाणपत्र वाले किसी भी वाहन को ईंधन उपलब्ध न कराया जाए। इसका उद्देश्य जनपद में बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।
उन्होंने वाहन स्वामियों से अपील की है कि अपने वाहनों का वैध पीयूसी प्रमाणपत्र अवश्य बनवाएं और उसके बाद ही पेट्रोल या डीजल प्राप्त करें। इससे वायु प्रदूषण को कम करने में सहयोग मिलेगा।
जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि यह व्यवस्था पर्यावरण संरक्षण और वायु प्रदूषण की रोकथाम के उद्देश्य से लागू की जा रही है। वाहन स्वामियों से नियमों का पालन करते हुए समय पर अपने वाहनों का पीयूसी प्रमाणपत्र बनवाने का अनुरोध किया गया है।
