हेमवती नंदन बहुगुणा की पुण्यतिथि पर गोपेश्वर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित

गोपेश्वर। जिला बार भवन गोपेश्वर में महान राजनीतिज्ञ, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं भारतीय राजनीति के प्रखर व्यक्तित्व स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन चमोली के अधिवक्ताओं के साथ-साथ सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने स्व. बहुगुणा के बहुआयामी व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके राजनीतिक जीवन में किए गए जनकल्याणकारी कार्यों को याद किया। उन्होंने कहा कि बहुगुणा ने हमेशा आमजन के हितों को सर्वोपरि रखा और अपने कार्यों से समाज को नई दिशा दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता बहुगुणा विचार मंच के संयोजक हरीश पुजारी ने की। इस दौरान अधिवक्ताओं सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे और सभी ने स्व. बहुगुणा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।