चंपावत। जनपद में एलपीजी गैस वितरण व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट ने बताया कि अब गैस सिलेंडर का वितरण केवल ऑनलाइन बुकिंग, डीएसी (डिजिटल ऑथेंटिकेशन कोड) और ओटीपी जनरेशन के बाद ही निर्धारित वितरण केंद्रों से किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि उपभोक्ता गैस रिफिल की बुकिंग व्हाट्सएप नंबर 7588888824, मिस्ड कॉल नंबर 8454955555 तथा आईवीआरएस नंबर 7718955555 के माध्यम से आसानी से कर सकते हैं। इसके अलावा उपभोक्ता Indian Oil ONE मोबाइल ऐप का उपयोग कर भी गैस बुकिंग कर सकते हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया कि केवल वही उपभोक्ता गैस एजेंसी पर संपर्क करें, जिन्हें ऑनलाइन बुकिंग में किसी प्रकार की समस्या आ रही हो। इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ को कम करना और वितरण प्रणाली को सुचारू बनाए रखना है।
उन्होंने जनपद के सभी एलपीजी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे मोबाइल और ऑनलाइन माध्यमों से ही गैस बुकिंग करें तथा निर्धारित वितरण केंद्र से ही सिलेंडर प्राप्त करें। इससे व्यवस्था में पारदर्शिता और सुविधा बनी रहेगी।
साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि जनपद में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।
