पिथौरागढ़ में जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद कार्यक्रम संपन्न, पांच प्रतिभागी राज्य स्तर के लिए चयनित

पिथौरागढ़। लक्ष्मण सिंह महर परिसर में आज जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद कार्यक्रम 2026 का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य संयोजक डॉ. राकेश वर्मा (जिला संयोजक, राष्ट्रीय सेवा योजना एवं माय भारत) के नेतृत्व में संयुक्त तत्वाधान में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. जे. एस. ज्याला (पूर्व प्राचार्य) उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो. गोवाडी (पूर्व प्राचार्य) ने शिरकत की। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. हेमचंद्र पांडे (परिसर निदेशक), डॉ. डी. के. उपाध्याय (अधिष्ठाता छात्र कल्याण), प्रो. सरोज वर्मा (पूर्व प्राचार्य), सिविल जज पिथौरागढ़ एवं वसंत बल्लभ भट्ट शामिल रहे।

जनपद के 10 महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। सभी प्रतिभागियों के लिए प्रमाण पत्र, नाश्ता एवं भोजन की व्यवस्था की गई थी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर पांच प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया, जो 25 से 27 मार्च तक देहरादून में आयोजित होगी।

प्रतियोगिता में मुकुल वाल्दिया ने प्रथम, दिव्यांशी जोशी ने द्वितीय, ज्योति कॉलोनी ने तृतीय, सुजल ऐरी ने चतुर्थ एवं प्रियांशी सामंत ने पंचम स्थान प्राप्त किया।

समापन अवसर पर परिसर निदेशक डॉ. हेमचंद्र पांडे ने सभी अतिथियों, निर्णायकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में कुलानुशासक डॉ. कमलेश कुमार भाकुनी, डॉ. शालिनी पांडे, डॉ. जगत सिंह, परिसर मीडिया प्रभारी डॉ. अर्जुन सिंह जगेड़ा, डॉ. गणेश दत्त उपाध्याय, डॉ. खीमानंद बिनवाल, डॉ. प्रियंका पांडे, डॉ. भावना भट्ट, शोध छात्र देवेश बराल, पुष्पेश खत्री उपस्थित रहे।