कल को तय स्थानों पर होगा गैस सिलेंडर वितरण, केवल बुकिंग उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ

पिथौरागढ़। जिला प्रशासन ने जनपद के उपभोक्ताओं को सूचित किया है कि 24 मार्च को विभिन्न क्षेत्रों में निर्धारित स्थानों पर गैस सिलेंडरों का वितरण किया जाएगा। प्रशासन की ओर से सभी संबंधित गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि वितरण कार्य सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए तथा केवल पंजीकृत और पूर्व बुकिंग वाले उपभोक्ताओं को ही गैस उपलब्ध कराई जाए।

प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार पिथौरागढ़ गैस सर्विस के अंतर्गत घंटाकरण क्षेत्र में लाशघर, लिंक रोड, टकाना और सिनेमा लाइन में वितरण किया जाएगा। वहीं शहीद गैस एजेंसी द्वारा जल पंप और रई क्षेत्र में गैस उपलब्ध कराई जाएगी।

गंगोलीहाट गैस सर्विस की ओर से जीआईसी गंगोलीहाट में वितरण होगा। कनालिछीना गैस सर्विस द्वारा देवलथल और थाल गांव में गैस वितरित की जाएगी। धारचूला गैस सर्विस के अंतर्गत धारचूला बाजार में वितरण किया जाएगा।

इसके अलावा हरि भारत गैस सर्विस द्वारा दशाईथल, चौड़मन्या और राई आगर क्षेत्रों में गैस उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि त्रिशा गैस सर्विस, बंगापानी द्वारा बंगापानी, मदकोट और बरम में सिलेंडर वितरण किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।