पिथौरागढ़। जनपद में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्रैक डाउन’ के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली पिथौरागढ़ पुलिस ने नकली आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से कई फर्जी आधार कार्ड और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 फरवरी को कोतवाली पिथौरागढ़ के प्रभारी निरीक्षक ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में पहचान एप के माध्यम से सत्यापन अभियान चला रही थी। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही थी।
जांच के दौरान उपनिरीक्षक कमलेश जोशी व उनकी टीम ने एक व्यक्ति कमलेश कुमार निवासी नौसर गुमटियां, जिला बहराइच (उत्तर प्रदेश) को चेक किया। तलाशी में उसके पास से फर्जी आधार कार्ड बरामद हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर एक अन्य व्यक्ति का नाम भी सामने आया।
इस संबंध में कोतवाली पिथौरागढ़ में धारा 337/340(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक ललित डंगवाल द्वारा की गई। सर्विलांस और सटीक जांच के आधार पर पुलिस टीम ने बहराइच के दौलतपुर (थाना मोतीपुर) स्थित एक दुकान से मनीष कुमार गुप्ता और कमलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपित लंबे समय से फर्जी आधार कार्ड बनाने के धंधे में लिप्त थे। दोनों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक ललित डंगवाल, हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह, कांस्टेबल सत्येंद्र सुयाल और कांस्टेबल कमल तुलेरा (सर्विलांस) शामिल रहे।
