DTN पिथौरागढ़। देव सिंह मैदान से विजडम तिराहा तक राष्ट्रीय राजमार्ग की बदहाल स्थिति पर जिलाधिकारी आशीष कुमार भट्टगाई ने कड़ी नाराजगी जताई है। सड़क पर गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों के कारण लोगों को हो रही परेशानी को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तीन दिन के भीतर सड़क दुरुस्त कर आवागमन सुचारु करने के निर्देश दिए हैं।

डीएम ने कहा कि सड़क की खराब स्थिति के संबंध में संबंधित अधिकारियों को पहले भी कई बार अवगत कराया गया था, इसके बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए स्पष्ट किया कि जनसुविधा से जुड़े कार्यों में उदासीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को मौके पर तत्काल निरीक्षण कर सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों और गड्ढों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने के निर्देश दिए। कहा कि यह नगर क्षेत्र का महत्वपूर्ण मार्ग है और इस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन और लोग आवागमन करते हैं। ऐसे में मरम्मत कार्य में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
डीएम ने चेतावनी दी कि तीन दिन की समयसीमा में सड़क दुरुस्त नहीं हुई तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर जाकर कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की स्वयं निगरानी करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि सड़क मरम्मत में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और केवल खानापूर्ति के लिए काम न किया जाए। कार्य पूरा होने के बाद स्थलीय जांच भी सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनता को सुरक्षित और बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
