पिथौरागढ़। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई दिवस के दौरान जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने कुल 57 शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें व्यक्तिगत और सामूहिक दोनों प्रकार की समस्याएं शामिल रहीं।

जनसुनवाई में सड़क, पेयजल, विद्युत, पेंशन, राजस्व, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। मूनाकोट क्षेत्र से जाख पंत ने विण ब्लॉक के अंतर्गत बेड–गोगना–सेल सल्ला मोटर मार्ग पर सुरक्षा के लिए स्टील गार्डर निर्माण की मांग उठाई। वहीं ग्राम लेलू में खेल मैदान की सुरक्षा दीवार, ग्राम उसैल में जल जीवन मिशन के तहत पेयजल व्यवस्था, चंडिकाघाट कुसेल–तुला क्षेत्र में कटान रोकथाम, अवैध खनन पर कार्रवाई, मुआवजा वितरण और आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा कार्यों की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।
धारचूला क्षेत्र की युवा समिति पाँगला ने आदि कैलाश/ओम पर्वत मार्ग पर एम्बुलेंस और प्राथमिक उपचार किट की व्यवस्था तथा क्षेत्र में गैस सिलेंडर सुविधा शुरू करने की मांग की। इसके अलावा निजी विद्यालयों की जांच, गंगोलीहाट में जल जीवन मिशन कार्यों की पारदर्शिता और भूमि विवादों के निस्तारण से संबंधित शिकायतें भी दर्ज की गईं।
जल निगम और जल संस्थान से जुड़ी शिकायतों पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पेयजल आपूर्ति जैसी मूलभूत सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक प्रार्थना पत्र का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण किया जाए। साथ ही निस्तारण के बाद आख्या समय से प्रस्तुत करना अनिवार्य किया गया है। उन्होंने अब तक प्राप्त शिकायतों पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई दिवस में अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, उप जिलाधिकारी सदर जितेन्द्र वर्मा, जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
