ओम प्रकाश माथुर केरल और दुष्यंत गौतम सिक्किम के राज्यपाल बने, राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु भेजा गया

DTN नई दिल्ली। राष्ट्रपति कार्यालय ने आज शाम छह राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति को लेकर अधिसूचना जारी की। इसके तहत भाजपा के वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश माथुर को केरल का राज्यपाल बनाया गया है, जबकि अब तक केरल के राज्यपाल रहे राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं, दुष्यंत गौतम को सिक्किम, ब्रज मोहन राम को ओडिशा और डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक का राज्यपाल बनाया गया है।
नई नियुक्तियों में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और राजनीतिक अनुभव रखने वाले चेहरों को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। ओम प्रकाश माथुर इससे पहले सिक्किम के राज्यपाल थे। वहीं, दुष्यंत गौतम भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव रह चुके हैं और उत्तराखंड में पार्टी के प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
ब्रज मोहन राम का संसदीय अनुभव
ओडिशा के नए राज्यपाल बनाए गए ब्रज मोहन राम झारखंड के पलामू जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता हैं। वह 1996 से 2004 तक पलामू लोकसभा क्षेत्र से सांसद रहे। इससे पहले झारखंड के अलग राज्य बनने से पूर्व 1991 से 1995 तक बिहार विधानसभा के सदस्य के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।
डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक की जिम्मेदारी
डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वह हरियाणा के रेवाड़ी की रहने वाली हैं। उन्होंने आइआइटी रुड़की से रसायन विज्ञान में पीएचडी की है और शिक्षाविद् के रूप में भी पहचान रखती हैं। वर्ष 1999 में राजनीति में प्रवेश करने के बाद वह सांसद बनीं। इसके अलावा वह राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य भी रह चुकी हैं।
डॉ. ढाल सिंह बिसेन उत्तराखंड के राज्यपाल
मध्य प्रदेश के वरिष्ठ नेता डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। पेशे से चिकित्सक बिसेन बालाघाट लोकसभा क्षेत्र से सांसद रह चुके हैं। वह मध्य प्रदेश विधानसभा के कई बार सदस्य चुने गए और राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में भी जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
दुष्यंत गौतम को सिक्किम भेजा गया
भाजपा के वरिष्ठ नेता दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाया गया है। वह भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव रह चुके हैं। पार्टी ने उन्हें राज्यसभा सदस्य भी बनाया था। इसके अलावा वह उत्तराखंड में भाजपा के प्रभारी के रूप में भी काम कर चुके हैं।
छह राज्यों में इन नियुक्तियों के साथ राज्यपालों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। नई नियुक्तियों से केरल, तमिलनाडु, ओडिशा, कर्नाटक, उत्तराखंड और सिक्किम के राजभवनों में नए चेहरे नजर आएंगे।
