गुलदार के हमले में छात्रा घायल, प्रशासन की तत्परता से बची जान

चम्पावत। जनपद के बाराकोट ब्लॉक अंतर्गत मऊ (चौमेल) क्षेत्र में गुलदार के हमले में एक छात्रा घायल हो गई। घटना के बाद प्रशासन की त्वरित सक्रियता से घायल छात्रा को समय रहते उपचार मिल गया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।

जानकारी के अनुसार, घायल छात्रा ज्योति को घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन द्वारा तुरंत राहत एवं बचाव कार्य करते हुए उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों की टीम ने उसका प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद छात्रा की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। बेहतर उपचार के लिए उसे जिला चिकित्सालय चम्पावत रेफर किया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी मनीष कुमार स्वयं उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट पहुंचे और घायल छात्रा का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को सख्त निर्देश दिए कि उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

जिलाधिकारी ने छात्रा के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव चिकित्सीय व प्रशासनिक सहायता का भरोसा भी दिलाया।

वहीं, उन्होंने वन विभाग को निर्देशित किया कि क्षेत्र में गुलदार को पकड़ने के लिए तत्काल पिंजरा लगाया जाए, गश्त बढ़ाई जाए और ग्रामीणों को सतर्क किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।