चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनपद में पर्यटन विकास को नई रफ्तार मिलने जा रही है। प्रशासन ने ऐतिहासिक एबट माउंट को इको-टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। इस संबंध में 428.57 लाख रुपये की लागत से विस्तृत परियोजना प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन में तैयार इस योजना के क्रियान्वयन के लिए कुमाऊं मंडल विकास निगम को कार्यदायी संस्था बनाया गया है। एबट माउंट, जो करीब 6400 फीट की ऊंचाई पर स्थित है, अपनी प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और ऐतिहासिक महत्व के लिए जाना जाता है।
प्रस्तावित योजना का उद्देश्य क्षेत्र की पारिस्थितिकी को सुरक्षित रखते हुए इसे आधुनिक सुविधाओं से युक्त पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है, ताकि यह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सके।
परियोजना के तहत यहां पर्यावरण अनुकूल डोम हट्स बनाए जाएंगे। इन हट्स का निर्माण स्थल की भौगोलिक स्थिति के अनुसार इस प्रकार किया जाएगा कि प्राकृतिक वनस्पति को न्यूनतम नुकसान पहुंचे। कुल छह डोम हट्स तीन ऊंचे प्लेटफॉर्म पर विकसित किए जाएंगे, जिनमें लकड़ी की डेक फ्लोरिंग की व्यवस्था होगी।
इन हट्स को सभी मौसमों के अनुकूल तैयार किया जाएगा और इनमें बड़ी खिड़कियां होंगी, जिससे पर्यटक हिमालयी प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले सकेंगे। इसके अलावा पैदल मार्ग, सीढ़ियां, व्यूइंग एरिया, बैठने की व्यवस्था, टिकट काउंटर, पार्किंग, खेल मैदान और खान-पान की सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
योजना में एबट माउंट की ऐतिहासिक धरोहरों—ब्रिटिशकालीन कॉटेज, चर्च और मॉरिस अस्पताल—को संरक्षित करते हुए पर्यटन से जोड़ा जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस परियोजना से क्षेत्र में सतत पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि योजना को पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
